बिहार में सीट बंटवारे पर राजग में सहमति बनी

नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है।

सूत्रों के मुताबिक, 243 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 162 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि बाकी सीटों पर गठबंधन के तीन घटक दल -लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) तथा हिंदुस्तानी आवाम पार्टी (हम)- चुनाव लड़ेंगे।

ज्ञात सूत्रों के मुताबिक, राम विलास पासवान की लोजपा को सर्वाधिक 41 सीटें, उपेंद्र कुमार कुशवाहा की रालोसपा को 25 सीटें, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हम को 15 सीटें मिल सकती हैं।

सीट बंटवारे की अंतिम घोषणा शनिवार शाम भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सभी घटक दलों की मौजूदगी में कर सकते हैं।

सूत्रों का कहना है कि मांझी के पांच उम्मीदवार एक तय फॉर्मूले के अनुसार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री एवं बिहार चुनाव के प्रभारी, अनंत कुमार ने कहा, “हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सभी मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।”

अनंत कुमार से जब पूछा गया कि सीटों के बंटवारे को लेकर घोषणा कब होगी, तो उन्होंने कहा, “शाम को।”

बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान पांच चरणों में होंगे। प्रथम चरण का मतदान 12 अक्टूबर को, जबकि अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर को होगा। मतगणना आठ नवंबर को होगी।

पासवान ने शनिवार को अपने बेटे चिराग पासवान के साथ अमित शाह से मुलाकात की, वहीं मांझी अनंत कुमार से मिले।

बैठक में भाजपा महासचिव व पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव भी उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493