दीमापुर(नागालैंड), 12 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत-म्यांमार सीमा पर बसे दो गांवों में सैन्य कार्रवाई के बाद असम राइफल्स और एनएससीएन(के) कार्यकर्ताओं के बीच भारी गोलीबारी हुई।
घटना गुरुवार रात घटी, जब असम राइफल्स के 100 से अधिक जवान गांवों में छिपे एनएससीएन(के) के 10 कार्यकर्ताओं की तलाश में भारत-म्यांमार सीमा पर म्यांमार के हिस्से में बसे दो गांवों – ‘शेरा’ और ‘शेशन’- में दाखिल हुए।
हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
यह घटना, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा एनएससीएन(के) प्रमुख एस.एस.खपलांग और गुट के सन्य प्रमुख निकी सुमी के बारे में जानकारी देने पर 17 लाख रुपये इनाम की घोषणा के बाद घटित हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी दो घंटों तक जारी रही। घटना के बाद असम राइफल्स के 1,000 अतिरिक्त जवान म्यांमार सीमा से सटे कोल्की गांव पहुंच चुके हैं।
पहले भी ऐसी ही एक घटना में नागरिकों समेत नौ लोगों की मौत हो गई थी, जब 28 अगस्त को असम राइफल्स के जवानों ने एनएससीएन(के) कार्यकर्ताओं पर भारत-म्यांमार सीमा के पंगशा क्षेत्र में गोलीबारी की थी।
घटना उसी दिन हुई, जब नागा मदर्स एसोसिएशन (एनएमए) का दल एनएससीएन(के) से संघर्षविराम के लिए आग्रह करने के लिए मिलने वाला था, जिसे उन्होंने 14 वर्ष पूर्व तोड़ दिया था।
dharmpath.com dharmpath