नीतीश रंग बदलने में माहिर : रामविलास

सहरसा, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने यहां शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के साथ आने पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश रंग बदलने में माहिर हैं।

सहरसा में लोजपा के प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे का सम्मानजनक हल हो चुका है।

उन्होंने लालू प्रसाद को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए कहा कि लालू न अब जात के नेता रह गए हैं और न जमात के। उनके परिवार का कोई सदस्य मुखिया का भी चुनाव नहीं जीत सकता है।

पासवान ने कहा कि एक ओर जहां लोग मंगल ग्रह पर पहुंचने की बात कर रहे हैं वहीं लालू प्रसाद लालटेन और टमटम की बात कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश अब लालू के साथ मिलकर न्याय के साथ सुशासन और विकास की बात कर रहे हैं।

नीतीश को रंग बदलने में माहिर बताते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में नीतीश ने लालू को जंगलराज का नेता बताया था। आज उन्हीं लालू के साथ मिलकर विकास की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में राजग के प्रत्याशियों को जिताने में अहम योगदान निभाने की अपील करते हुए कहा कि बिहार की जनता अब परिवर्तन के मूड में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493