नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ में हुए दोहरे विस्फोट और कर्नाटक में एक रेल दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक जाहिर किया है।
नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ में हुए दोहरे विस्फोट और कर्नाटक में एक रेल दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक जाहिर किया है।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल राम नरेश यादव को भेजे एक संदेश में प्रणब ने कहा, “मुझे यह जानकर दुख हुआ है कि झाबुआ जिले में इस (शनिवार) सुबह हुए सिलिंडर विस्फोट में बड़ी संख्या में लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं।”
उन्होंने आशा जाहिर की है कि प्रशासन शोकाकुल परिवारों को यथासंभव सभी सहायता और घायलों को चिकित्सा सहायता मुहैया कराएगा।
राष्ट्रपति ने यहां जारी एक बयान में कहा है, “कृपया मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना से अवगत कराएं। मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
उल्लेखनीय है कि चाय की एक दुकान में हुए एक विस्फोट में कम से कम 87 लोगों की मौत हो गई है और 100 से अधिक घायल हो गए हैं। इस विस्फोट के कारण पास में स्थित एक इमारत मलबे में तब्दील हो गई।
राष्ट्रपति ने कर्नाटक में रेल दुर्घटना में हुई मौतों पर भी शोक संवेदना व्यक्त की है। इस दुर्घटना में दो महिला यात्रियों की मौत हो गई और आठ व्यक्ति घायल हो गए। मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस की नौ बोगियां पटरी से उतर गई थीं।
प्रणब ने कहा, “कर्नाटक में कलबुर्गी शहर के पास मारतुर रेलवे स्टेशन पर एक रेलगाड़ी के पटरी से उतरने की घटना के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप कुछ लोगों की मौत हुई है और अन्य कई घायल हो गए हैं।”
राष्ट्रपति ने कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला को भेजे एक संदेश में कहा है, “मैं समझता हूं कि राहत एवं बचाव अभियान फिलहाल जारी है।”
उन्होंने राज्य सरकार और रेल प्रशासन का आह्वान किया कि शोकाकुल परिवारों को सभी संभव सहायता मुहैया कराया जाए और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए।
dharmpath.com dharmpath