डीफओ (अवध) एस.सी. यादव ने सभी वन क्षेत्राधिकारियों के साथ ही गश्ती दल को निर्देश दिया है कि कहीं पर भी बाघ से संबंधित सूचना मिलने पर सभी लोग तत्काल मौके पर पहुंचें। लखनऊ के साथ ही हरदोई व सीतापुर में भी वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बाघ की लोकेशन जानने के लिए क्षेत्र में कांबिंग शुरू कर दी है।
हरदोई जनपद में अतरौली थाना अंतर्गत जगदीशपुर गांव में तीन दिन पहले हिंसक पशु के पदचिह्न् मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने पदचिह्नें की जांच के बाद घोषणा कर दी कि खेतों में मिले पद चिह्न् बाघ के हैं।
बाघ की मौजूदगी की जानकारी मिलने से अतरौली क्षेत्र के साथ ही हरदोई सीमा से सटे गांवों में दहशत है। हरदोई का जगदीशपुर गांव लखनऊ जनपद की सीमा से मात्र 15 किमी दूर है। इसलिए इस बात की प्रबल आशंका है कि गोमती का किनारा पकड़कर बाघ लखनऊ या सीतापुर जिले में कभी भी प्रवेश कर सकता है।
नौ तारीख को पदचिह्न् मिलने के बाद से वनराज गायब हो गए हैं।
हरदोई की डीएफओ रेनू सिंह बताती हैं कि बाघ की लोकेशन का पता करने के लिए लगातार कांबिंग की जा रही है। सीमा पर बाघ की मौजूदगी को देखते हुए डीएफओ (लखनऊ) एस.सी. यादव ने मालिहाबाद, काकोरी व बीकेटी के वन क्षेत्राधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे लगातार क्षेत्र में गश्त करें। क्षेत्र में कहीं भी बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलने पर रेंजर सहित पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर सूचना की जांच करे।
डीएफओ ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वन विभाग को गलत सूचनाएं देकर अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि अफवाहों से बाघ की सटीक सूचना मिलने में व्यवधान पहुंचता है।
dharmpath.com dharmpath