तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में गणेश चतुर्थी की धूम

हैदराबाद, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना व आंध्र प्रदेश में गुरुवार को गणेश चतुर्थी के साथ ही गणेशोत्सव का त्योहार धूमधाम से शुरू हो गया। दोनों राज्यों में जगह-जगह भगवान गणेश की प्रतिभा स्थापित की गई है।

11 दिनों तक चलने वाला त्योहार गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। समारोह को लेकर हैदराबाद व तेलंगाना के अन्य भागों तथा पड़ोसी आंध्र प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पूरे प्रदेश में जगह-जगह गणपति की विभिन्न आकार की प्रतिमा स्थापित की गई है।

लोग कई ट्रकों में धूलपेट से गणपति की प्रतिमा ले जाते दिखे, जहां प्रतिमाओं का निर्माण व बिक्री होती है।

श्रद्धालुओं ने अपने घरों में गणपति की पूजा-अर्चना भी की। बाजारों में लोग पूजा से संबंधित वस्तुओं जैसे फूल, पत्तियां व फलों की खरीदारी करते दिखे।

दोनों राज्यों के राज्यपाल ई.एस.एल.नरसिम्हन ने हैदराबाद के खैरताबाद में स्थापित सबसे लंबी गणपति की प्रतिमा की सबसे पहले पूजा की। आयोजक हर साल प्रतिमा की लंबाई बढ़ाते जाते हैं। इस वर्ष प्रतिमा की लंबाई 59 फीट है। इस प्रतिमा की पूजा-अर्चना करने के लिए हैदराबाद, सिकंदराबाद व आसपास के जिलों के लोगों की भारी भीड़ जुटी है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने भी गणेश चतुर्थी के मौके पर लोगों को बधाई दी।

इस पर्व के लिए पुलिस ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शहर के मध्य में स्थित हुसैनसागर झील में 30 हजार प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

हैदराबाद के पुलिस आयुक्त एम.महेंद्र रेड्डी ने कहा कि पर्व के अंतिम दिन शहर के तमाम सुरक्षाबलों सहित 20 हजार से अधिक सुरक्षाबलों की तैनाती की जाएगी।

आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के सभी जिलों की पुलिस व अर्धसैनिक बलों की नौ कंपनियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493