नई दिल्ली, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बढ़ रहे डेंगू के मामलों से निपटने में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की कथित नाकामी के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन व कांग्रेस प्रवक्ता पी.सी.चाको ने किया।
इस दौरान ‘केजरीवाल होश में आओ’ जैसे नारे लगाए गए।
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के प्रकोप से निपटने को लेकर दिल्ली सरकार के रवैये की आलोचना की थी।
कांग्रेस नेता पी.सी.चाको ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि डेंगू की जांच में होनेवाले खर्च का वहन करना व गरीबों को चिकित्सा व स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “नगर निगमों को मच्छरों के फैलने से रोकने के लिए फंड मिले हैं, लेकिन उसने कुछ नहीं किया।”
चाको ने कहा, “डेंगू से प्रभावित गरीब आदमी चिकित्सा जांच पर खर्च का वहन कैसे करेंगे? महामारी को रोकने के लिए केंद्र सरकार को आगे आकर खर्च का वहन करना चाहिए।”
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा, “यह विरोध संकट व दर्द से कराह रही मानवता का है। इसे राजनीति के चश्मे से मत देखिए। आप व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच टकराव से दिल्ली (सत्ता) कमजोर हुई है।”
इसी बीच, दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को केंद्र व दिल्ली सरकार से पूछा कि राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के प्रसार से रोकने के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
न्यायालय ने दो सप्ताह के अंदर उपायों के बारे में जानकारी देने के लिए एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया।
डेंगू से शहर में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक आंकड़ा छह है।
चाको ने कहा, “यह (डेंगू प्रकोप) एक आपात स्थिति है। लगभग दो हजार लोग इससे प्रभावित हैं। केंद्र व राज्य सरकार दोनों इसे नहीं समझ रहे हैं। सरकार की निष्क्रियता को लेकर उसका ध्यान आकर्षित करने लिए हम मुख्यमंत्री के घर के सामने प्रदर्शन करने जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “सरकारी अस्पतालों में न तो पर्याप्त संख्या में बेड है, न दवाएं और यहां तक कि जांच किट भी नहीं। जो भी व्यवस्था की गई है, वह अपर्याप्त है।”
उल्लेखनीय है कि इस साल शहर में डेंगू के 1,872 से अधिक मामले सामने आए हैं।
dharmpath.com dharmpath