1965 की जंग में सैनिकों के बहादुरी भरे कारनामों पर गर्व : मोदी (लीड-1)

नई दिल्ली, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 1965 में पाकिस्तान के साथ जंग के दौरान देश के सैन्य बलों ने जिस शौर्य का प्रदर्शन किया था, उस पर देश को गर्व है।

मोदी ने भारत-पाकिस्तान युद्ध (1965) की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में राजपथ पर आयोजित प्रदर्शनी ‘शौर्याजलि’ को देखने के बाद ट्वीट में यह बात कही। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “1965 की जंग में हमारे सशस्त्र बलों का शौर्य और बलिदान हर भारतीय के दिलो-दिमाग में जिंदा है। हमें उन पर गर्व है।”

राजपथ पर मंगलवार से शुरू हुई यह प्रदर्शनी पांच दिनों तक चलेगी। इसमें 1965 के युद्ध के दृश्यों को दिखाया गया है। लड़ाकू जेट विमानों का कौशल-प्रदर्शन इस स्मृति समारोह का हिस्सा होगा।

मोदी ने प्रदर्शनी में रखी चीजों को देखा। उन्हें कई झाकियों और मॉडल के बारे में जानकारी दी गई।

राजपथ के करीब 50000 स्कवायर मीटर क्षेत्र में लगी इस प्रदर्शनी में सन 65 की जंग में सेना के तीनों अंगों, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स, मीडिया, आल इंडिया रेडियो और इंडियन रेड क्रास के योगदान को दिखाया गया है।

20 सितंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में 1965 की जंग की कुछ महत्वपूर्ण लड़ाइयों को नाटकीय रूपांतरण के जरिए दिखाया जाएगा।

प्रदर्शनी में वह जीप भी रखी है जिस पर सवार होकर वीर अब्दुल हमीद ने पाकिस्तान के पांच पैटन टैंकों को ध्वस्त किया था।

प्रदर्शनी का समापन इंद्रधनुष नाम के कार्यक्रम से होगा। इसमें वायुसेना अपना जौहर दिखाएगी। इस कार्यक्रम में फ्लाईपास्ट भी होगा। पहली बार इंडिया गेट पर लडाकू विमान फ्लाईपास्ट करेंगे।

इस समारोह को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों को 20 सितम्बर तक जनपथ और मान सिंह रोड के बीच पड़ने वाले राजपथ मार्ग से बचने की सलाह दी है।

पुलिस ने सोमवार को कहा, “भारत-पाकिस्तान युद्ध की स्वर्ण जयंती समारोह के कारण 15 सितम्बर से पांच दिनों के लिए जनपथ और मान सिंह रोड के बीच पड़ने वाला राजपथ मार्ग बंद रहेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493