मक्का मस्जिद हादसे के मृतक आश्रितों को मिलेगा 1.7 करोड़ रुपये

जेद्दा, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के शाह सलमान ने मक्का मस्जिद में हुए हादसे के मृतकों के आश्रितों और घायलों की मदद के लिए अपने खजाने का मुंह खोल दिया है। 10 लाख सऊदी रियाल को अगर भारतीय रुपये में बदलें तो यह करीब एक करोड़ 70 लाख रुपये बैठता है। हादसे में 11 भारतीय की मौत हो गई थी और 19 घायल हो गए थे जबकि दो लापता हैं।

अरब न्यूज के मुताबिक मंगलवार को जारी शाही फरमान में बताया गया है कि मृतकों के आश्रितों को 10 लाख सऊदी रियाल मिलेंगे। हादसे में घायल होने की वजह से अपंग होने वालों को भी 10 लाख सऊदी रियाल दिया जाएगा। अन्य घायलों को 5 लाख सऊदी रियाल की मदद दी जाएगी।

10 लाख सऊदी रियाल को अगर भारतीय रुपये में बदलें तो यह करीब एक करोड़ 70 लाख रुपये बैठता है। यानी भारतीय रुपये के हिसाब से हर मृतक के आश्रित को और हादसे में अपंग होने वाले को एक करोड़ 70 लाख रुपये मिलेंगे। अन्य घायलों को 85 लाख रुपये मिलेंगे।

इस हादसे में 111 लोगों की मौत हुई है। इनमें 11 भारतीय शामिल हैं। हादसे में 238 लोग घायल हुए हैं। इनमें 19 भारतीय शामिल हैं। दो भारतीय लापता बताए गए हैं।

सऊदी शाह ने साफ कर दिया है कि इस धन का इस बात से कोई वास्ता नहीं है कि मृतक आश्रित या घायल अदालत में मामला दायर न करें। इसका इस बात से कोई लेना-देना नहीं है। मामला अगर अदालत में जाता है तो जो मुआवजा अदालत तय करेगी, वह इस राशि से अलग होगा।

शाह ने ऐलान किया कि हर मृतक के घर के दो लोगों को अगले साल हज सऊदी सरकार कराएगी। ये दो लोग शाह के मेहमान होंगे। जो लोग हादसे की वजह से इस साल हज नहीं कर पा रहे हैं उन्हें सऊदी सरकार अगले साल खुद हज कराएगी। ये लोग शाह के मेहमान होंगे।

शाह ने यह भी कहा है कि अस्पताल में दाखिल लोगों के वीजे को तब तक के लिए बढ़ाया जाएगा जब तक वे सेहतमंद नहीं हो जाएंगे।

भारत के महावाणिज्य दूत बी.एस.मुबारक ने शाह सलमान की मदद के बारे में कहा है कि इसकी किसी अन्य मदद से तुलना नहीं की जा सकती। यह हादसे में अपना बहुत कुछ गंवाने वालों की तकलीफ को कुछ कम करने की दिशा में उठाया गया शाह का बहुत बड़ा कदम है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493