ब्रिटिश नेता ने कश्मीर मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय संगठन की बुनियाद डाली

ब्रुसेल्स, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। यूरोपीय संसद की सुरक्षा और रक्षा मामलों की समिति के उपाध्यक्ष अफजल खान ने कहा है कि वह “कश्मीर के लिए शांति, न्याय और जनतंत्र” के पक्ष में अंतर्राष्ट्रीय संगठन की स्थापना करने जा रहे हैं।

खान पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्होंने गुरुवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की सामाजिक सुरक्षा और महिला विकास मंत्री फरजाना याकूब के साथ मिलकर एक बयान में यह बात कही। बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने ‘इंटरनेशनल फ्रेंड्स आफ कश्मीर’ नामक संगठन बनाने का फैसला किया है।

यह एलान उस रिपोर्ट के जारी होने के बाद हुआ है जिसमें कश्मीर में मानवाधिकारों की स्थिति का वर्णन किया गया है। यह रिपोर्ट इस हफ्ते मनाए गए यूरोपीय संसद के 8वें कश्मीर-यूरोपीय संघ सप्ताह के दौरान जारी की गई।

खान ने कहा, “दुनिया देख रही है और भारत और पाकिस्तान की शत्रुता इस जमीन पर उत्पात मचाए हुए है। इसे अब और सहन नहीं किया जा सकता। कश्मीरियों को अपने भाग्य का फैसला करने का अधिकार मिलना चाहिए। इसी वजह से हमने ‘इंटरनेशनल फ्रेंड्स आफ कश्मीर’ के गठन का फैसला किया है। “

बयान में कहा गया है कि अगले साल ब्रसेल्स में कश्मीर मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसमें मामले से संबंद्ध अंतर्राष्ट्रीय पक्षकारों, यूरोपीय संघ के विभिन्न हिस्सों, संयुक्त राष्ट्र, प्रवासी कश्मीरियों और गैर सरकारी संगठनों को बुलाया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493