बिहार : राहुल की रैली को लेकर सुरक्षा कड़ी

बेतिया, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की बिहार के पश्चिम चंपारण के रामनगर में शनिवार को होने वाली रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांग्रेस इस रैली से बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करने वाली है। हालांकि इस रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद हिस्सा नहीं ले रहे हैं, जो बिहार विधानसभा चुनाव कांग्रेस को महागठबंधन में साथ लेकर लड़ रहे हैं।

कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि हरिनगर चीनी मील मैदान में आयोजित इस रैली में लोगों के आने का सिलसिला सुबह से ही जारी है। उन्होंने बताया कि इस रैली को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी़ पी़ जोशी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार समेत कई कांग्रेसी नेता संबोधित करेंगे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी की रैली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने मैदान से एक व्यक्ति को एयरगन के साथ हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार टिकट बंटवारे की व्यस्तता के कारण रैली में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इसका दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि डेढ़ बजे राहुल रैली स्थल पर पहुंचेंगे। जद (यू) की ओर से क़े सी़ त्यागी और राजद की ओर से तेजस्वी यादव रैली में भाग लेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार में कांग्रेस, राजद और जद (यू) साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493