एथेंस, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। तुर्की से ग्रीस जा रही एक नौका शनिवार को लेसवॉस द्वीप से लगे समुद्र में पलट गई। इस दुर्घटना में एक पांच साल की बच्ची की मौत हो गई और कम से कम 14 शरणार्थी लापता हैं।
समाचार एजेंसी सिंहुआ के अनुसार, ग्रीक सशस्त्र बलों के गश्ती दल द्वारा अलर्ट करने के बाद दुर्घटनास्थल पर पहुंचे तटरक्षक अधिकारियों ने बच्ची का शव बरामद कर लिया और 12 लोगों को बचा लिया।
दुर्घटना में जीवित बचे लोगों ने ग्रीक अधिकारियों को बताया कि लेसवॉस द्वीप के पास जब नौका पलटी तो उस पर लगभग 26 लोग सवार थे।
अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के मुताबिक, इस साल भूमध्य सागर को पार कर यूरोप तक पहुंचने की कोशिश में लगभग 3000 लोग मारे जा चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath