मुंबई, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक डेविड धवन विदेशों में शूटिंग करने के विचार का पूरी तरह समर्थन करते हैं। वह कहते हैं कि ऐसा विदेशों की प्राकृतिक विशेषता, वहां के लोगों का दिल खोलकर स्वागत करने और सही कीमत पर सही सुविधाएं मुहैया कराने से आरामदायक हो जाता है।
डेविड ने शनिवार को विदेशों में शूटिंग करने के बारे में जागरूकता लाने वाले वार्षिक कार्यक्रम ‘लोकेशन्स’ में कहा, “हम विदेशों में बहुत शूटिंग करते हैं। यह जगजाहिर है कि वहां हिंदी फिल्मों की शूटिंग से उन्हें पर्यटन में फायदा मिला है। यह अच्छी बात है कि वे हमारे ध्यान रख रहे हैं और हमें छूट मुहैया करा रहे हैं। पैसे के लिहाज से विदेश में शूटिंग करना बहुत ही आरामदायक है।”
12वें लोकेशन कार्यक्रम में हंगरी, रोमानिया और थाईलैंड के अधिकारी मौजूद थे।
डेविड ने इस कार्यक्रम को देशों के बीच रिश्ते बनाने की अच्छी शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने दुबई, सिंगापुर, बैंकॉक, लंदन और अमेरिका जैसी विदेशी जगहों पर अपनी असंख्य फिल्मों की शूटिंग की है।
dharmpath.com dharmpath