टोक्यो, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। जापान संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम के जरिए उत्तर कोरिया पर एक जापानी नागरिक के अपहरण के मामले की जांच के बारे में जानकारी देने के लिए दबाव बनाएगा।
समाचार एजेंसी एनएचके की रपट के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने सितंबर 2014 में जापान से कहा था कि बीते एक साल में उत्तर कोरिया में लापता और अपहृत जापानी नागरिकों के मामले में विशेष जांच समिति अपनी जांच पूरी कर लेगी।
अपहरण के इन मामलों पर जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र पैनल की बैठक हो रही है। जापान ने इसमें अपने एक वरिष्ठ अधिकारी शोइचिरो इशिकावा को भेजा है। इस बैठक में उत्तर कोरिया में मानवाधिकार उल्लंघन के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
जापान की सरकार ने संबंधित जानकारियां पहले ही जुटा ली हैं, लेकिन कहा है कि उत्तर कोरिया ने अपनी जांच पूरी होने के बारे में उसे जानकारी नहीं दी है।
जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जापान इस बात की पूरी कोशिश कर रहा है कि उत्तर कोरिया इस मामले में सकारात्मक और ठोस कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि अगवा लोगों की घर वापसी के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
dharmpath.com dharmpath