भुवनेश्वर, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। ओडिशा के गंजाम जिले में सोमवार को एक कच्ची दीवार गिर जाने से उसमें दबकर दो लड़कियों सहित चार बच्चों की मौत हो गई।
राजस्व अधिकारी शशिकांत राय ने कहा कि घटना उस वक्त घटी, जब जिले के काला जमुना गांव में चार बच्चे एक अर्धनिर्मित मकान के पास खेल रहे थे।
अधिकारी ने कहा कि तीन बच्चों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि चौथे बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान श्रावणी मलिक, नंदिनी मलिक, संजीब साहू व शेषदेव मलिक के रूप में हुई है।
सूत्रों ने कहा कि राज्य के दक्षिणी भागों में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके कारण यह घटना घटी।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
एक अन्य घटना में बरहामपुर के जगबंधुनगर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से दो लड़कों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने सोमवार को शवों को तालाब से बाहर निकाला।
dharmpath.com dharmpath