बार्सिलोना, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। स्पेन के शीर्ष फुटबाल क्लब एफसी बार्सिलोना के लिए ब्राजीलियाई स्ट्राइकर राफेल राफिन्हा अलकंटारा अगले छह महीने क्लब के लिए नहीं खेल पाएंगे।
राफिन्हा ने हाल ही में दाहिने घुटने का ऑपरेशन करवाया है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार बार्सिलोना अपनी वेबसाइट पर इसकी घोषणा करते हुए कहा, “राफिन्हा का डॉक्टर रामोन कुगाट और रिकार्ड प्रूना ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। राफिन्हा को दाहिने घुटने की मांसपेशी में लगी चोट का ऑपरेशन करवाना पड़ा है, जो उन्हें एएस रोमा के खिलाफ मैच में लगी थी।”
रोमा के लिए खेलने वाले बेल्जियम के डिफेंडर राड्जा नैंगोलान के टफ टैकल के कारण यह चोट लगी थी। यह मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था।
बार्सिलोना को राफिन्हा की जगह तुर्की के खिलाड़ी आरडा तुरान को टीम में शामिल करने के लिए स्पेनिश फुटबाल महासंघ और फीफा से अनुमति लेनी होगी, क्योंकि बार्सिलोना पर जनवरी, 2016 तक नए खिलाड़ियों से करार करने पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
dharmpath.com dharmpath