सीरिया में हवाई हमलों की योजना से रूस का इनकार

मास्को, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस ने गुरुवार को मीडिया में आई उन अटकलों से इनकार किया है, जिनमें कहा गया था कि रूस आंतरिक संघर्ष से ग्रस्त सीरिया में आतंकवादियों के खिलाफ एकपक्षीय हवाई हमलों की योजना बना रहा है।

गुरुवार को ही ब्लूमबर्ग में प्रकाशित रिपोर्ट में मामले के जानकार दो अज्ञात सूत्रों के हवाल से कहा गया है कि रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ने ऊपरी संसद ‘रूसी महासंघ परिषद’ से सीरिया में वायु सेना के 2,000 सैनिकों की तैनाती की इजाजत मांगी है।

रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने कथित हवाई हमलों की तैयारी से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं देखा है।

समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने पेस्कोव के हवाले से कहा, “मेरे पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मैंने इस तरह का कोई दस्तावेज नहीं देखा है। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि यह सूचना कैसे और कहां से फैली।”

आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ स्वतंत्र हमले की संभावना के बारे में पूछे जाने पर पेस्कोव ने कहा कि मीडिया में इसे लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं, जिनमें से अधिकांश का सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।

समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती से फेडरल काउंसिल की सुरक्षा एवं रक्षा समिती के चेयरमैन विक्टर ओजेरोव ने भी एक अलग रिपोर्ट में इस तरह की किसी योजना से इनकार किया है।

ओजेरोव ने कहा, “फेडरेशन काउंसिल को इस तरह का कोई अनुरोध नहीं भेजा गया है और जहां तक मेरी जानकारी में है इस तरह की कोई तैयारी नहीं है।”

ब्लूमबर्ग ने यह भी कहा है कि यदि अमेरिका संयुक्त सेना से जुड़ने से इनकार कर देता है तो रूस सीरिया में आईएस के खिलाफ एकपक्षीय हवाई हमले करेगा। यह भी दावा किया गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अगले सप्ताह अपनी न्यूयार्क यात्रा के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से इस योजना पर चर्चा करने की योजना बना रहे हैं।

पेस्कोव ने हालांकि इससे इनकार करते हुए कहा है कि दोनों नेताओं के बीच इस तरह की कोई बैठक होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493