नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी पहल की बदौलत ही बिजली वितरण कंपनियों ने दिल्ली में घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में बढ़ोतरी नहीं की।
बिजली नियामक ने घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली दर में वृद्धि न करने की गुरुवार को घोषणा की थी।
पार्टी नेता दिलीप पांडे ने यहां संवाददाताओं से कहा, “आप ने एक बार फिर दिखा दिया कि ईमानदार उद्देश्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन सस्ती दरों पर सुविधाएं प्रदान कर सकता है।”
उन्होंने कहा, “बिजली की दरों में वृद्धि रोकने की आप की पहल से दिल्ली के निवासियों के काफी पैसे बिजली वितरण कंपनियों द्वारा लूटे जाने से बचेंगे।”
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को दिल्ली-विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) ने बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति पर विचार करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली की दरों में बढ़ोतरी नहीं करने की घोषणा की थी।
पांडे ने कहा, “दिल्ली सरकार ने डीईआरसी के समक्ष दिल्ली के लोगों का दृढ़तापूर्वक प्रतिनिधित्व किया, जिसके परिणामस्वरूप साल 2015 में दिल्ली में बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई।”
उन्होंने कहा कि आप नेताओं व विधायकों ने बिजली की दरों में बढ़ोतरी को लेकर डीईआरसी की याचिका पर सभी सार्वजनिक सुनवाइयों में हिस्सा लिया और किसी भी बढ़ोतरी का विरोध किया।
पांडे ने कहा, “आखिर क्यों डीईआरसी की सुनवाइयों में एकमात्र पार्टी केवल आप उपस्थित रही? इसका एकमात्र कारण है कि ईमानदार राजनीति केवल आप के बूते की ही बात है।”
उन्होंने कहा कि बीते 15 साल के दौरान कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ने ही बिजली वितरण कंपनियों को बिजली की दरें बढ़ाने की खुली छूट दी।
उन्होंने कहा कि बीते 12 साल में पहली बार बिजली कंपनियां घाटे में नहीं हैं और बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई।
dharmpath.com dharmpath