देशभर में 1 अक्टूबर से थमे रहेंगे 86 लाख ट्रक

रायपुर, 25 सितंबर (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (नई दिल्ली) के आह्वान पर 205 ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने टोल प्लाजा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने टोल प्लाजा को खत्म करने की मांग को लेकर 1 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन चक्काजाम का ऐलान किया है।

रायपुर दौरे पर पहुंचे यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीम वाधवा ने कहा, “जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं की जातीं, हम अपने कदम किसी भी हाल में पीछे नहीं हटाएंगे।”

उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि टोल प्लाजा के जरिए अरबों-खरबों की वसूली की जाती है, लेकिन सरकार के खाते में 20 से 25 फीसदी राशि ही जमा हो रही है। बाकी पैसे कहां जाते हैं, इसका हिसाब मांगने पर भी नहीं दिया जाता।

वाधवा ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा से वसूली जा रही 75 फीसदी राशि ऊपर के लोग यानी नेता, मंत्री, अफसर, ठेकेदारों के बीच में बंट जाती है। यही वजह है कि आरटीआई से जानकारी मांगने पर भी हिसाब नहीं बताया जा रहा है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के कुलतरण सिंह अटवाल ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने चुनाव के समय अच्छे दिन लाने का वादा किया था। उनके प्रधानमंत्री बने डेढ़ साल बीत गए, क्या यही अच्छा दिन हैं?”

उन्होंने कहा, “देश में आज महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। आम नागरिकों की हालत खराब है। लोगों को खाने तक के लाले पड़ गए हैं।”

अटवाल ने कहा, “ट्रांसपोर्टरों से सड़क निर्माण के लिए रोड टैक्स, नेशनल परमिट, प्रवेश शुल्क, डीजल-पेट्रोल पर छह रुपये प्रति लीटर टैक्स के बाद ऊपर से टोल टैक्स की वसूली भी की जाती है। लंबी कतार में लगने से ईंधन और समय दोनों की बर्बादी होती है। यह घोर अन्याय है।”

उन्होंने कहा, “टोल प्लाजा को खत्म कर ऐसा सिस्टम बनाए जाए, जिससे हम सारे टैक्स ऑनलाइन दे सकें, लेकिन इसके लिए केंद्र सरकार राजी नहीं है।”

अटवाल ने कहा कि टोल प्लाजा पर वाहनों के ठहराव से जहां ईंधन की बर्बादी होती है, वहीं देश के राजस्व को 1 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होता है। प्रदूषण बढ़ता है, सो अलग। टोल प्लाजा पर ठेकेदारों की मनमानी और बड़े पैमाने पर भ्रष्टचार से सभी तंग आ गए हैं। देश को आर्थिक नुकसान से बचाने व जनता को महंगाई और सस्ता परिवहन उपलब्ध कराने के लिए यूनियन ने अब आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है।

पहली अक्टूबर से चक्काजाम की घोषणा के बाद आंदोलन को सफल बनाने छत्तीसगढ़ ट्रक मालिक संघ द्वारा टाटीबंध स्थित मोहन मैरिज पैलेस में एक सभा का आयोजन भी किया गया। इस सभा में प्रदेश के सभी जिलों से सैकड़ों की संख्या में ट्रक मालिकों के साथ विभिन्न ट्रांसपोर्ट यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।

ट्रांसपोर्ट संघ के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, संधू सिंह, गुरुदीप सिंह, बलजिंदर सिंह, सुकिंदर सिंह गिल, कुलविंदर सिंह, हरभजन सिंह, तेजपाल सिंह समेत अन्य ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि देशभर में टोल प्लाजा को खत्म किए जाने से वाहनों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की अन्य मांगें हैं : टीडीएस प्रणाली वित्तीय एक्ट 2015 से पूर्व का लागू किया जाए। स्पीड गवर्नर वाहन निर्माताओं के द्वारा ही नए वाहनों में लगाया जाए तथा पुराने वाहनों पर इसकी बाध्यता न थोपी जाए। राज्यों में बढ़ा हुआ रोड टैक्स वापस हो। मैकेनिकल चार्ज के रूप में सीएफ काटा जाना बंद हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493