नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने डेंगू से निपटने के इंतजामों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार सुबह राजधानी के सात सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने आचार्य भिक्षु अस्पताल, सरदार पटेल अस्पताल, अंबेडकर अस्पताल, संजय गांधी अस्पताल, अरुणा आसफ अली अस्पताल, दीपचंद बंधु अस्पताल तथा बाबु जगजीवन राम अस्पताल का दौरा किया और डेंगू से निपटने के इंतजामों का जायजा लिया।
डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने ट्वीट किया, “दिल्ली के सात सरकारी अस्पतालों के दौरे के बाद डेंगू से निपटने के लिए की गई व्यवस्था से संतुष्ट।”
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अहले सुबह अस्पतालों के औचक निरीक्षण के लिए मंत्री की प्रशंसा की।
उन्होंने ट्वीट किया, “सत्येंद्र जैन जैसे स्वास्थ्य मंत्री पर मुझे गर्व है। देश के कितने मंत्री इतने समर्पण के साथ काम करते हैं।”
शहर के नगर निगमों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में इस साल डेंगू के तीन हजार मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 23 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
गैर सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मृतकों का आंकड़ा 60 से अधिक है। अकेले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में डेंगू से पांच लोगों की मौत हुई है।
dharmpath.com dharmpath