दिल्ली : सूझ-बूझ से लड़का अपहर्ताओं के चंगुल से छूटा

नई दिल्ली, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। सूझ-बूझ से अपने अपहरण की साजिश को नाकाम करते हुए एक 11 वर्षीय लड़का दो अपहर्ताओं के चंगुल से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकरी दी।

वंश पुरी नाम के लड़के ने पुलिस को जानकारी दी कि वह मंगलवार सुबह 9.30 बजे दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में स्थित अपने घर से चॉकलेट लेने के लिए निकला।

वंश के बयान पर आधारित प्रथम दृष्टया रपट में लाजपत नगर पुलिस ने बताया, “पता पूछने के बहाने एक व्यक्ति ने लड़के से बातचीत की। तभी उसके साथी ने लड़के को नजदीक खड़े वाहन में धकेल दिया और उसके मुंह और आंखों को बंद कर दिया। “

अपहर्ता वाहन को कुछ मील दूर ले गए। उनमें से एक के बाहर आते ही, लड़का दूसरे के हाथ को दांतों से काटकर भागने में कामयाब हो गया।

वह इलाके में सड़क किनारे खड़े वाहनों के पीछे छिपते हुए अपनी नानी के घर लाजपत नगर के नजदीक कृष्णा नगर मार्केट पहुंच गया। वंश की नानी ने उसके पिता को जानकारी देकर बुलाया।

लड़के ने कहा कि दोनों अपहर्ताओं ने उसे मारा और उसकी कमीज फाड़ दी। दोनों के चेहरे ढके होने के कारण वह उन्हें पहचान नहीं सकता।

वंश के मुताबिक दोनों 40-45 की उम्र के होंगे। उसे पकड़ने वाले के बाल सफेद और रंग गहरा था। गाड़ी चलाने वाले, दूसरे व्यक्ति की कनपटियां सफेद थीं।

वंश के पिता अजय पुरी लाजपत नगर और नेहरू प्लेस में कोचिंग संस्थान चलाते हैं।

अजय पुरी ने कहा कि जंगपुरा में रहने वाले एक बैंक कर्मचारी की उसकी संपत्ति पर निगाह है। उसने उसे धमकी भी दी थी।

अपहरण के आरोप में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अजय पुरी ने आईएएनएस को बताया कि पांच दिनों के बाद भी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493