मोदी देश को भ्रमित कर रहे हैं : कांग्रेस

नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर गलत आंकड़ों व तथ्यों द्वारा देश को भ्रमित करने का सोमवार को आरोप लगाया और कहा कि वह लोगों को समझाने में लगे हैं कि आज तक देश ने जो कुछ भी हासिल किया, वह उनके प्रयासों के कारण हुआ।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री को बोलने से पहले अपने तथ्यों व आंकड़ों की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए, क्योंकि अधिकांश बार वह गलत दावा कर जाते हैं।

शर्मा ने कहा, “हम उन्हें यह बताना चाहेंगे कि भारत का उद्भव तब नहीं हुआ था, जब मई 2014 में उन्होंने सत्ता संभाली थी।” उन्होंने कहा कि कई नेता और व्यक्ति हुए, जिन्होंने देश को वर्तमान ऊंचाई तक पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने से पहले देश का बेहद आधुनिकीकरण हुआ। डिजिटीकरण अच्छी बात है, लेकिन यह उनका नजरिया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, “मोदी गलत दावे कर देश के लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें इस तरह के दावे बंद करने चाहिए।”

शर्मा ने कहा कि मोदी के सत्ता संभालने से पहले जी-4 समूह में भारत को काफी समर्थन मिला।

कांग्रेस नेता ने कहा, “वीटो पॉवर के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य बनने की भारत की मांग को ब्रिटेन व फ्रांस का समर्थन मिला। रूस भी इसका समर्थक रहा है।” तीनों देशों का समर्थन वर्तमान सरकार के गठन से पहले रहा। इसलिए इस मुद्दे पर अपनी पीठ थपथपाने का क्या फायदा।

शर्मा ने विदेशों में मोदी के लिए आयोजित सार्वजनिक समारोहों की जांच की भी मांग की।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस इन मामलों में सही तरीके से जांच की मांग करती है।” उन्होंने कहा कि मोदी सार्वजनिक समारोहों का आयोजन कर अपने आधिकारिक दौरे का दुरुपयोग कर रहे हैं।

शर्मा ने टाउन हॉल में फेसबुक के अधिकारियों के साथ मोदी की बैठक के दौरान उनके भावुक होने पर चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी का दावा कि उनकी मां दो जून की रोटी के लिए लोगों के घरों के बर्तन मांजती थीं, बिल्कुल सही नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दावा कि वह चाय बेचा करते थे, की भी जांच होनी चाहिए।

शर्मा ने कहा, “उनके पिता एक कैंटीन चलाते थे, जहां वह (मोदी) चाय बेचते थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493