लालू के साले सुभाष पप्पू यादव की पार्टी में

पटना, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के दूसरे साले सुभाष यादव ने सोमवार को विरोध का झंडा बुलंद करते हुए राजद से निष्कासित सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

जन अधिकार पार्टी द्वारा सोमवार को पटना में आयोजित मिलन समारोह में सुभाष को पार्टी प्रमुख पप्पू यादव ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर पप्पू ने कहा कि बिहार में अगली सरकार बिना तीसरे मोर्चे के समर्थन के नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि बिहार के स्वाभिमान की लड़ाई जन अधिकार पार्टी ही लड़ेगी।

इधर, पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व सांसद सुभाष यादव ने कहा कि बिहार में सामाजिक न्याय की लड़ाई पूरी तरह ठप्प हो गई है। पप्पू के नेतृत्व में एक बार फिर बिहार में सामाजिक न्याय की लड़ाई प्रारंभ हुई है।

उन्होंने चुनाव लड़ने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि यह चुनाव लड़ने और नहीं लड़ने का प्रश्न नहीं है। यह पप्पू के हाथों को मजबूत करने का समय है।

गौरतलब है कि राज्य में राजद के सत्ता से बेदखल होने के बाद सुभाष राजनीतिक हलके में नजर नहीं आ रहे थे।

इस मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश महासचिव नलिनी रंजन शर्मा, जद (यू) विधायक मीना द्विवेदी, पूर्व विधायक पप्पू खान समेत कई राजद और कांग्रेस के नेताओं ने जन अधिकार पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

उल्लेखनीय है कि राजद, जद (यू) और कांग्रेस महागठबंधन के तहत जबकि जन अधिकार पार्टी, समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत छह दल तीसरे मोर्चे के तहत चुनावी अखाड़े में उतरे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493