मुंबई, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। सुपरस्टार सलमान खान ने मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ का पहला पोस्टर जारी कर अपने प्रशंसकों की बेताबी और बढ़ा दी। इसमें सलमान का किरदार ‘प्रेम’ बिल्कुल देसी लुक में नजर आया।
सलमान ने मंगलवार दोपहर अपने ट्विटर पेज पर लिखा, “गुड आफ्टरनून। एक बार फिर सूरज बड़जात्या के प्रेम का स्वागत करते हैं। प्रेम रतन धन पायो।”
फिल्म के पोस्टर पर लिखा है, “इस दिवाली प्रेम लौट रहा है।” इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का ट्रेलर गुरुवार को जारी होगा।
पोस्टर में सलमान कैमरे की ओर पीठ किए नीले रंग के कुर्ते और सफेद धोती में नजर आ रहे हैं। उनके गले में एक स्टॉल पड़ा है।
‘प्रेम रतन धन पायो’ दिवाली के एक दिन बाद यानी 12 नवंबर को रिलीज होगी।
फॉक्स स्टार स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को राजश्री प्रोडक्शन ने बनाया है। सलमान पूर्व में इस प्रोडक्शन के साथ ‘हम आपके हैं कौन..!’ और ‘हम साथ-साथ हैं’ फिल्म कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath