उंगलियों के निशान बता सकते हैं पारिवारिक पृष्ठभूमि

न्यूयार्क, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। किसी भी व्यक्ति की पारिवारिक पृष्ठभूमि का उसकी उंगलियों के निशानों से पता लगाया जा सकता है। अमेरिकन जर्नल ऑफ फिजिकल एंथ्रोपोलोजी में प्रकाशित एक शोध में यह दावा किया गया है।

अमेरिका में नॉर्थ कैरोलिना युनिवर्सिटी के एंथ्रोपोलोजी विभाग के प्राध्यापक वरिष्ठ अध्ययनकर्ता एन. रॉस के मुताबिक, “इस मामले में इतनी विस्तृत जांच के साथ किया गया यह पहला अध्ययन है और इसके परिणाम काफी महत्वपूर्ण हैं।”

एंथ्रोपोलोजिस्ट वर्षो से उंगलियों के निशानों का अध्ययन करते रहे हैं। पहले स्तर के परीक्षण में पैटर्न और रिज (उंगलियों के निशानों में उभरी लकीरें) संख्या जैसी बातें पता चलती हैं, दूसरे क्रम में अधिक विशिष्ट विभिन्नताएं जैसे कि उंगलियों के निशानों के रिज कहां विभाजित होते हैं, जैसी बातें ज्ञात होती हैं।

इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने विभिन्न वंशावलियों के 243 व्यक्तियों के सीधे हाथ की तर्जनी उंगली के स्तर एक और स्तर दो के निशानों का विस्तृत अध्ययन किया था।

उंगलियों के निशानों से जांच की गई कि क्या इनके पैटर्न में लिंग या पारिवारिक पृष्ठभूमि की कोई विशिष्टताएं हैं।

शोधकर्ताओं को पुरुष या स्त्रियों के निशानों में कोई खास फर्क नहीं ज्ञात हुआ, लेकिन निशानों के दूसरे स्तर में यूरोपीय अमेरिकी और अफ्रीकी अमेरिकी वंशावली में काफी फर्क पाया गया।

रॉस ने कहा, “इससे कानून को लागू करने में मदद मिलेगी। लेकिन इस पर अभी और काम करना जरूरी है। हमें इसके लिए ज्यादा नमूनों की जांच करनी होगी और विभिन्न वंशावली के लोगों की उंगलियों का परीक्षण करना होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493