नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की दिल्ली डायनामोज टीम के मार्की खिलाड़ी और मैनेजर दिग्गज ब्राजीलियाई डिफेंडर रॉबटरे कार्लोस ने बुधवार को आईएसएल के आगामी दूसरे संस्करण में ढेर सारे गोल करने का वादा किया है।
कार्लोस ने कहा कि वह मिडफील्ड में अपनी भूमिका केंद्रित करेंगे और आक्रामक अंदाज में खेलने की रणनीति के साथ उतरेंगे।
कार्लोस ने वहीं खुद को किसी भी तरह के दबाव में नहीं बताया और साथ ही कहा कि वह ब्राजीलियाई शैली का नजारा भी पेश करेंगे।
यहां टीम के अभ्यास सत्र के बाद कार्लोस ने कहा, “अगर हमारी प्रतिद्वंद्वी टीम चार गोल करेगी तो हम पांच गोल करेंगे। अगर वे पांच करेंगे तो हम छह गोल दागेंगे। मैं ब्राजील का रहने वाला हूं। हम हमेशा गोल करने और जीतने के लिए खेलते हैं। दर्शक गोलरहित ड्रॉ मैच देखने नहीं आते। वे आते हैं गोल देखने जिससे उनका मनोरंजन हो।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी टीम आईएसएल-2 में गोल करने के लिए खेलेगी। मैं किसी तरह के दबाव में नहीं हूं। जब मैं रियल मेड्रिड या ब्राजील के लिए खेलता हूं तब दबाव रहता था। यहां मुझ पर कोई दबाव नहीं है। चूंकि टूर्नामेंट में बाहर होने का डर नहीं है, इसलिए मैं स्वतंत्र होकर बिना किसी दबाव के प्रदर्शन कर सकता हूं।”
dharmpath.com dharmpath