वुहान कप : कोंटा ने शीर्ष वरीय हालेप को मात दी

वुहान (चीन), 30 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की उदीयमान महिला टेनिस प्रतिभा जोहान कोंटा ने बुधवार को वुहान ओपन में बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय रोमानिया की सिमोना हालेप को मात दे दी।

शीर्ष ब्रिटिश खिलाड़ी बनने की ओर अग्रसर कोंटा ने महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त हालेप को दो घंटा 17 मिनट तक खिंचे संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-3, 3-6, 7-5 से हराया।

पिछले 22 मैचों में कोंटा की यह 21वीं जीत है। वर्ष की शुरुआत 150वीं डब्ल्यूटीए रैंकिंग से करने वाली कोंटा ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन के बल पर लंबी छलांग लगाई और इस समय वह विश्व रैंकिंग में 66वें पायदान पर हैं।

अगले सप्ताह जारी होने वाली रैंकिंग में वह 60वें पायदान पर मौजूदा हमवतन हीथर वाटसन को पछाड़कर शीर्ष ब्रिटिश खिलाड़ी बन जाएंगी।

कोंटा ने पहले ही सेट में हालेप की सर्विस एक बार ब्रेक की और 73 फीसदी सर्विस पॉइंट हासिल करते हुए 1-0 से बढ़त ले ली।

11 डब्ल्यूटीए खिताब जीत चुकीं हालेप ने इसके बाद दमदार वापसी की और दूसरा सेट जीत लिया। हालेप तीसरे निर्णायक सेट में भी जीत के काफी करीब पहुंच चुकी थीं।

5-1 से आगे चल रहीं हालेप को सिर्फ एक गेम की दरकार थी, लेकिन कोंटा ने इसके बाद सभी को चौंकाते हुए बेहद शानदार वापसी की और अगले छह गेम लगातार जीतते हुए मैच अपनी झोली में डाल लिया।

कोंटा अब क्वार्टर फाइनल में पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त दिग्गज अमेरिकी टेनिस स्टार वीनस विलियम्स से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493