मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करे भाजपा : लालू

पटना, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को गठबंधन धर्म निभाने की नसीहत देते हुए उपेन्द्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और रामविलास पासवान में से किसी एक के नाम की घोषणा करने की सलाह दी है।

लालू ने गुरुवार को फेसबुक के अपने वॉल पर लिखा, “भाजपा कुशवाहा, मांझी और पासवान में से किसी एक को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर गठबंधन धर्म निभाए, क्योंकि भाजपा के पास तो कोई मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार ही नहीं है।”

लालू ने बिना किसी का नाम लिए आगे लिखा, “एक नरभक्षी एवं तडीपार, बिहार को सदाचार ना सिखाएं। पहले स्वयं के कुकर्म एवं खुद पर लगी जघन्य धाराओं के बारे में लोगों को बताएं।” इसका आशय भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह से लगाया जा रहा है।

राजद अध्यक्ष ने जातिगत जनगणना की रपट जारी करने को लेकर भाजपा अध्यक्ष से सवाल करते हुए लिखा, “अमित शाह बताएं कि जातिगत जनगणना की रपट कब जारी करेंगे और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ों की संख्या के अनुसार आरक्षण की हमारी मांग का समर्थन करते हैं या नहीं?”

उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए आगे लिखा है, “भाजपा की इतनी औकात नहीं कि हमारे आरक्षण पर पुनर्विचार करे। अमित शाह एंड कम्पनी यह जान ले कि हम अपनी संख्या के बराबर आरक्षण लेकर रहेंगे।”

उल्लेखनीय है कि इन दिनों आरक्षण को लेकर लालू लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) तथा जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493