उप्र : अखिलेश का अखलाक के परिवार को न्याय का भरोसा

लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को मोहम्मद अखलाक के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से न्याय का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दोषियों को सजा दिलाने का हर संभव प्रयास करेगी।

उल्लेखनीय है कि ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे के बिसरा गांव में सोमवार रात 50 साल के मोहम्मद अखलाक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना सिर्फ इस अफवाह के कारण घटी कि अखलाक ने गोहत्या की थी।

अखिलेश ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर तरह की मदद का वादा भी किया।

मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि वह पीड़ित परिवार के दुख में भागीदार हैं और वह दोषियों को सजा दिलाने का हर संभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा, “परिवार से जो छीन लिया गया है, हम उसे तो वापस नहीं दे सकते, लेकिन मैं उन्हें आश्वासन देता हूं कि इस दुख की घड़ी में और भविष्य में भी सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी।”

अखिलेश ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को एक घर भी देगी।

यह पूछे जाने पर कि क्या पीड़ित परिवार के किसी सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई अनुरोध आता है तो इसपर विचार किया जाएगा।

अखलाक द्वारा गोमांस खाने की अफवाह के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा, “पता नहीं किसने यह जहर घोला है?”

इससे पहले सरकार ने अखलाक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। जिसे शनिवार को बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई।

मुख्यमंत्री अखिलेश और अखलाक के परिवार के बीच हुई मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद आजम खान भी उपस्थित थे।

अखलाक के बड़े भाई, अफजल ने मीडिया से कहा कि उनके परिवार को न्याय चाहिए।

पीड़ित परिवार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से भी मुलाकात कर सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493