नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत ने पीपली लाइव फिल्म के निर्देशक महमूद फारूकी के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में सोमवार को एक दंडाधिकारी और दो पुलिसवालों के बयान दर्ज किए।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजीव जैन ने उस महानगरीय दंडाधिकारी के बयान दर्ज किए जिसने पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया था। महानगरीय दंडाधिकारी ने अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में बयान दर्ज कराए।
मामले की जांच में शामिल दो पुलिसवालों का बयान भी अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में दर्ज किया गया।
अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान मंगलवार को भी दर्ज होंगे।
अदालत ने शनिवार को पीड़ित का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की थी।
फारूकी पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय से पीएचडी करने भारत आई एक महिला के साथ दुष्कर्म किया है।
फारूकी 20 जून से न्यायिक हिरासत में हैं।
dharmpath.com dharmpath