लखनऊ , 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य में पर्यटन की असीमित संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में कोई न कोई आकर्षण मौजूद है, जो पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर यह भगवान राम, कृष्ण व गौतम बुद्ध की धरती है, वहीं रहीम, तुलसी, सूर, कबीर सहित तमाम संत-कवि भी यहां की विरासत की अनमोल पहचान हैं। इन सब के मद्देनजर राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को यहां के होटल ताज में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश ट्रैवल राइटर्स कॉन्क्लेव-2015’ के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को अपने अनुभव लिपिबद्ध करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे दुनियाभर के पर्यटन प्रेमियों को उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य के खान-पान, रीति-रिवाज, परंपराओं, संगीत और साहित्य, तहज़ीब सहित तमाम खूबियों के बारे में भी पता चलेगा।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ट्रैवल राइटर्स भी इनका इस्तेमाल करते हुए प्रदेश के विषय में विस्तृत जानकारी लोगों को मुहैया कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में मुगलकालीन धरोहरों, परंपराओं, रीति-रिवाजों को आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मुगल म्यूजियम का निर्माण कराने का फैसला लिया गया है। आगरा के अन्य 12 ऐसे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को भी लाइम लाइट में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath