बेगूसराय, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां बुधवार को कहा कि आज जो देश चला रहे हैं सूट-बूट वाले हैं। उन्हें गरीब, मजदूर और आम लोगों से कोई मतलब नहीं है।
राहुल ने बेगूसराय के बछवाड़ा में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर शब्दबाण छोड़े।
उन्होंने कहा, “मोदी ने लोकसभा चुनाव के पूर्व जितने भी वादे किए थे, उनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ है। आज पंजाब, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। लेकिन केन्द्र सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है।”
राहुल ने केन्द्र सरकार को सूट-बूट वाली सरकार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की जितनी भी तस्वीरें आपने देखी होगी, उसमें एक भी तस्वीर मजदूरों और गरीबों के साथ नहीं होगी।
राहुल ने कहा, “चुनाव के पहले प्रधानमंत्री ने कहा था की 15 लाख रुपये हर हिंदुस्तानी के बैंक खाते में डाला जाएगा। परंतु किसी राज्य में ऐसा कोई व्यक्ति अब तक नहीं मिला है, जिसके बैंक खाते में 15 लाख रुपये डाले गए हों।”
राहुल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस, जनता दल (युनाइटेड) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। महागठबंधन में कांग्रेस के हिस्से 41 सीटें मिली हैं।
राहुल बुधवार को बिहार में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath