उप्र : दुष्कर्म पीड़िता टंकी पर चढ़ी, डीजीपी के आश्वासन पर उतरी

लखनऊ, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार को दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध एक दुष्कर्म पीड़िता हैनीमैन चौराहे के पास नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस महानिदेशक की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद ही वह 6 घंटे बाद टंकी से उतरी।

लड़की के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में गोमतीनगर, विभूतिखंड समेत कई थानों की पुलिस फोर्स को वहां बुला लिया गया।

विभूतिखंड थाने के एक अधिकारी ने मोबाइल फोन के जरिये युवती से संपर्क किया और मनाने की कोशिश की। हालांकि युवती लगातार टंकी से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देती रही।

लड़की को हालांकि मानसिक तौर पर विक्षिप्त बताया जा रहा है। सुबह करीब 10 बजे उसने डीजीपी को तीन-चार बार फोन लगाया। उनकी तरफ से कोई रिस्पांस न आने पर यह लड़की टंकी पर चढ़ गई।

टंकी पर चढ़ने के बाद उसे मनाने की कोशिशें शुरू हुईं। वह अपना नंबर टंकी में नीचे लिखकर गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उस नंबर पर बात करने का प्रयास किया।

लड़की चूंकि मूल रूप से अंबडेकरनगर की है, इसलिए मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने अंबेडकरनगर पुलिस से भी संपर्क किया है।

एएसपी ट्रांसगोमती मनीराम यादव, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव ने भी पीड़िता से बात की और टंकी से नीचे उतर आने को कहा।

इस बीच उसके गांव से दो लड़कियां आईं। उन्होंने डीजीपी से इस बारे में मुलाकात की। डीजीपी से मुलाकात और उनसे आश्वासन मिलने के बाद वह लड़कियां उस लड़की को टंकी से उतारने के लिए मौके पर पहुंची।

शुरुआत में टंकी पर चढ़ी उस लड़की ने अपनी इन सहेलियों की बात नहीं मानी, लेकिन बार-बार फोन करने पर अंतत: वह साढ़े चार बजे टंकी से उतर आई। टंकी से उतरने के बाद लड़की को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493