पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में चुनाव प्रचार का शोर थम जाने के बाद राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अब अगले चरणों के चुनाव प्रचार में लग गए हैं, वहीं पहले चरण के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशी घर-घर जाकर अंतिम समय में भी मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं।
पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में चुनाव प्रचार का शोर थम जाने के बाद राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अब अगले चरणों के चुनाव प्रचार में लग गए हैं, वहीं पहले चरण के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशी घर-घर जाकर अंतिम समय में भी मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं।
पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार का शोर शनिवार की शाम थम गया। प्रत्याशी अब भी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए गली-गली, द्वारे-द्वारे घूम रहे हैं। इस चरण में 49 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सोमवार को होगा।
प्रत्याशी पैदल ही घर-घर जाकर मतदाताओं से मिलकर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रत्याशी अधिक से अधिक घरों में जाना चाह रहे हैं।
भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहे अर्जित शाश्वत रविवार को सुबह से ही अपने क्षेत्र में जनसंर्पक अभियान चलाकर मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं।
जमुई सीट से भाग्य आजमा रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विजय प्रकाश भी घर-घर जाकर लोगों से राजद का वोट देने की अपील कर रहे हैं, जबकि भाजपा के के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे अजय प्रताप सिंह अधिक से अधिक युवाओं से मिलकर भाजपा को वोट देने के लिए समझा रहे हैं तथा बुजुर्गो से आशीर्वाद मांग रहे हैं।
कहलगांव से एक बार फिर चुनावी अखाड़े में खम ठोक रहे कांग्रेस के दिग्गज सदानंद सिंह जहां मतदाताओं से खुद संपर्क कर रहे हैं, वहीं मतदान केंद्रों के लिए भी कार्यकर्ताओं को तैनाती के लिए सूची बना रहे हैं।
इधर, कल्याणपुर से भाग्य आजमा रहे लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रिंस पासवान भी क्षेत्र में लोगों से आशीर्वाद मांग रहे हैं। प्रिंस कहते हैं कि कई क्षेत्र बचे हुए हैं, जहां वह मतदाताओं से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोजपा ने कई ग्रुप भी बनाए हैं, जो मतदाताओं से संपर्क करने में जुटे हैं।
सोमवार को होने वाले पहले चरण के मतदान में समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई जिले के मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
सोमवार को हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कमार पारस, भाजपा की रेणु कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह, जद (यू) के विजय चौधरी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के रामदेव वर्मा की राजनीतिक किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा।
बिहार में प्रथम चरण में 1़35 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनके लिए 13,212 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम चरण में 583 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, जबकि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुबह सात बजे से तीन बजे और कुछ क्षेत्रों में शाम चार बजे तक ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
प्रथम चरण के चुनाव में राजग की ओर से भाजपा के 27, लोजपा के 13, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छह, हम के तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन में जद (यू) के 24, राजद के 17, और कांग्रेस के आठ प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतगणना आठ नवंबर को होगी।
इस चुनाव में कांग्रेस, राजद और जद (यू) महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है, वहीं भाजपा नेतृत्व वाले राजग में लोजपा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हम है। छह वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर चुनावी समर में उतरे हैं। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व वाला एक और गठबंधन जोर आजमाइश में है।
dharmpath.com dharmpath