पशुओं के प्रति प्यार ने दी कामयाबी : निगेल मार्वेन

Nigel-Marven

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध प्रकृतिवादी एवं टीवी प्रस्तुतकर्ता निगेल मार्वेन का कहना है कि विचित्र पशुओं के प्रति उनके प्यार ने उन्हें जीवन में इस सुखद मुकाम तक पहुंचाया है।

मार्वेन ने लंदन से टेलीफोन साक्षात्कार के जरिए आईएएनएस को बताया, “मुझे कुत्ते और बिल्लियों की अपेक्षा सांप जैसे जीव आकर्षक लगते हैं। उनके रंग और जीवित रहने की उनकी अद्भुत रणनीतियों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है।” वह भारत के सर्वाधिक जहरीले सांपों की खोज में यहां आ चुके हैं।

मार्वेन कहते हैं कि बचपन में वह खिलौना गाड़ी से कभी नहीं खेले। इसके बजाए वह ब्रिटेन में अपने घर में कीड़ों (स्टिक कीड़ा) का पीछा किया करते थे। उस समय उनकी उम्र महज आठ वर्ष थी।

इसके बाद उनकी जंगली जानवरों, विशेष रूप से सांपों के प्रति रुचि बढ़ी।

उन्होंने बताया कि अपनी भारत यात्रा के दौरान उन्होंने पश्चिमी घाट पर बहुतायत मात्रा में मिलने वाले बिच्छू और रंग-बिरंगी तितलियों, अंडमान के समुद्री सांप और कोबरा सांपों की विभिन्न प्रजातियां देखीं।

उन्होंने बताया कि अंडमान द्वीप पर पाए जाने वाले सर्वाधिक जहरीले समुद्री सांपों द्वारा मेरी नाक को चूमने वाला पल मुझे याद है।

मार्वेन कहते हैं किचेन्नई की इरूला जनजाति के लोगों को विषैले सांपों को पकड़ने में महारत हासिल है, वे भारत सरकार के लिए विषरोधक दवाओं के लिए इन विषैले सांपों को पकड़ते हैं। इन लोगों की मदद से मुझे सर्वाधिक जहरीले सांपों का पता लगाने में मदद मिली और ये जहरीले सांप मेरी घातक सांपों की फेहरिस्त में शीर्ष तीन पर हैं।

उन्होंने बताया कि भारत में सांपों की 300 से अधिक विभिन्न प्रजातियां हैं, जिसमें 50 से अधिक विषैले सांपों की प्रजातियां हैं। वह अपना अनुभव साझा करते हुए कहते हैं जब तक कोई भारतीय सांपों को नुकसान नहीं पहुंचाए, तब तक ये आसानी से काटते नहीं हैं।

मार्वेन कहते हैं कि भारतीय किसान खेतों में सांपों के होने की बात से भलीभांति परिचित होने के बावजूद वहां काम करने जाते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि चूहों को खेतों से दूर रखने के लिए यह पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा है।

मार्वेन ने कहा, “भारत वन्यजीव बहुल क्षेत्र है, इसे संरक्षित रखने की जरूरत है।”

मार्वेन का प्लैनेट चैनल पर प्रसारित होने वाला शो ‘डेडलिएस्ट स्नेक्स विद निगेल मार्वेन’ खासा लोकप्रिय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493