पटना, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले रविवार को स्टिंग ऑपरेशन में पैसा लेते पकड़े गए बिहार के मंत्री अवधेश कुशवाहा के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) पर निशाना साधा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि पूरा नीतीश मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में डूबा है।
मोदी ने नीतीश पर तीखा हमला करते हुए कहा, “नीतीश कुमार के खास मंत्री अवधेश कुशवाहा ने सरकार बनने से पहले ही बिहार बेचने का वादा कर दिया।”
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर बिहार बेचने का वादा करने में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद भी पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ और नेता इस घूसकांड में शामिल हैं, उन्हें भी पकड़ा जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पर कारवाई करने की मांग की।
इधर, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अभी बड़ी मछली नहीं फंसी है। कुशवाहा तो छोटी मछली हैं।
उल्लेखनीय है कि यू-टयूब पर वायरल एक स्टिंग अपरेशन में निबंधन और उत्पाद मंत्री अवधेश कुशवाहा घूस लेते हुए दिखे हैं, जिसके बाद नीतीश कुमार ने उनसे इस्तीफा ले लिया है और उनको पार्टी के प्रत्याशी पद से हटा दिया।
कुशवाहा ने हालांकि इस आरोप से इंकार करते हुए कहा कि यह स्टिंग ऑपरेशन उनकी छवि धूमिल करने की विपक्ष की एक गहरी साजिश है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath