हरिद्वार, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री उमा भारती रविवार देर शाम शांतिकुंज पहुंचीं और गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या और संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी से लगभग आधा घंटा नमामि गंगे सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा की।
इस अवसर पर डॉ. पण्ड्या ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे निर्मल गंगा जन अभियान के कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों से उमा भारती को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गंगा शुद्धि, उसकी अविरलता और उसे प्रदूषण मुक्त रखने हेतु तटीय स्थानों में जनजागरण का कार्यक्रम निरन्तर चल रहा है।
पड्या ने कहा, “मां गंगा को हरी चुनर चढ़ाकर उन्हें प्रदूषण मुक्त करने का अभिनव प्रयोग किया जा रहा है। गंगोत्री से गंगासागर तक को पांच अंचलों में बांट कर कार्य किया जा रहा है। अभी तक इस अभियान के तीन चरण पूरे हो चुके हैं। चौथे चरण के अंतर्गत गंगा के तटीय स्थानों के दोनों छोरों पर 500 साइकिल टोलियां निकाली जा रही हैं, जो पांचों अंचलों में कार्य करेंगी।”
उमा ने कहा, “नमामि गंगे भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है। यह अभियान गायत्री परिवार के सहयोग के बिना सफल नहीं हो सकता। इसलिए मैं गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या जी एवं श्रद्धेया शैल दीदी से मार्गदर्शन एवं आशीष लेने आई हूं। डॉ. पण्ड्या जी के नेतृत्व में गायत्री परिवार के लाखों कार्यकर्ता जिस तरह से गंगा की निर्मलता व अविरलता के कार्य कर रहे हैं, उससे एक निश्चित सफलता की किरण दिखाई दे रही है।”
उन्होंने कहा कि सरकार का काम सीमित होता है, जबकि गायत्री परिवार का कार्य असीमित है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए गायत्री परिवार से सहयोग और आशीष मांगा।
इस अवसर पर संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने केन्द्रीय मंत्री को उपवस्त्र भेंट कर और मंगल तिलक कर शुभकामनाएं दी।
dharmpath.com dharmpath