गया, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के कोंच थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को एक कट्टर नक्सली को गिरफ्तार किया, जिसके पास से कई बम और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इस क्षेत्र में 16 अक्टूबर को मतदान होना है।
पुलिस के अनुसार, चुनाव के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों में जारी छापेमारी के दौरान सोमवार को पुलिस ने एक कट्टर नक्सली को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके पास से 30-30 किलोग्राम के चार केन बम, 15 डेटोनेटर, पांच सिलिंडर सहित भारी मात्रा में बम बनाने के कच्चे माल और उपकरण बरामद किए गए।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि जिला पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने टेकारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोंच थाना के मथुरापुर गांव से प्रतिबंधित नक्सली संगठन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान विनोद यादव के रूप में की गई है।
पुलिस गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ कर रही है।
dharmpath.com dharmpath