इंदौर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले एकदिवसीय मैच को देखने की चाहत हर किसी की है, मगर टिकट हासिल करना आसान नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय तक अपने समर्थकों को मैच के टिकट दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए हैं।
विजयवर्गीय इंदौर के राउ विधानसभा क्षेत्र से विधायक है, राज्य सरकार में प्रभावशाली मंत्री और इंदौर के महापौर रह चुके हैं। इसके अलावा क्रिकेट की राजनीति में खासा दखल रखते हैं। हालांकि वह मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन का चुनाव ज्योतिरादित्य िंसंधिया से हार गए थे।
इंदौर में 14 अक्टूबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका का मैच होने जा रहा है और टिकट के लिए मारा-मारी जारी है। क्रिकेट प्रेमियों को टिकट पाने की चाहत में पुलिस की लाठियां खानी पड़ी हैं।
विजयवर्गीय ने भी ट्वीट कर टिकट न मिल पाने का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है “जब भी इंदौर में मैच हुआ है, मैंने स्टेडियम में कार्यकर्ताओं के साथ ही मैच देखा है। इस बार मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के टिकट देने में असमर्थता व्यक्त की है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से क्षमा मांगता हूं।”
उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा है, “बिहार चुनाव में व्यस्त होने के कारण मैं भी मैच देखने नहीं आ पाऊंगा। मेरा परिवार भी घर बैठकर मैच देखेगा। सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि आप लोग भी घर बैठकर टेलीविजन पर मैच का आनंद लें।”
dharmpath.com dharmpath