इस्लामाबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को हुए एक विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
पंजाब के डेरा गाजी खान जिले के पुलिस अधिकारी खान गुलाम मुबाशिर माकन ने बताया कि विस्फोट जिले में स्थित एक चुनाव कार्यालय के बाहर हुआ, जो सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के एक नेता का है।
अस्पताल सूत्रों का कहना है कि घायलों की हालत गंभीर होने के चलते मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
‘डॉन’ की रपट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीएमएल-एन नेता के कार्यालय की ओर दो हमलावर बढ़े और उन्होंने विस्फोट कर दिया।
जिस वक्त यह हमला हुआ, चुनाव कार्यालय में लगभग 40 लोग उपस्थित थे। इसमें एक स्थानीय पीएमएल-एन नेता सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
पंजाब के राज्यपाल रफीक राजवाना और मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने विस्फोट की निंदा करते हुए इसमें लोगों की मौत पर शोक जताया है।
विस्फोट की आवाज दो किलामीटर दूर तक सुनाई दी। सरकार ने आगामी दिनों में मुहर्रम को देखते हुए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।
dharmpath.com dharmpath