काला धन विदेश भेजने वालों से पूछताछ करेगी सीबीआई

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बैंक ऑफ बड़ौदा की एक शाखा के जरिए 6,172 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा अवैध रूप से विदेश भेजने के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को बुधवार को दो दिनों के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया गया है।

सीबीआई ने मंगलवार को दिल्ली के अशोक विहार की बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के सहायक प्रबंधक सुरेश कुमार गर्ग और विदेशी मुद्रा इकाई के प्रमुख जयनीस दुबे को गिरफ्तार किया था।

इन्हें विशेष न्यायाधीश पी.के. जैन की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 16 अक्टूबर तक के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।

सीबीआई ने कहा कि इस पूरे मामले की साजिश का पर्दाफाश करने के लिए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेना उसके लिए जरूरी है। बचाव पक्ष ने इसका विरोध किया।

इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 6,172 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा अवैध रूप से हांगकांग भेजी गई है। धन का स्थानांतरण 59 बैंक खातों के जरिए हांगकांग और दुबई स्थित कंपनियों को फर्जी आयात-निर्यात के लिए किया गया।

सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “जांच में पता चला कि 50 कंपनियों ने बैंक रिकार्ड के लिए फर्जी पते दिए थे। बैंक अधिकारियों से पूछताछ में पता चला है कि कुछ कर्मचारियों ने इन कंपनियों के लिए बिचौलियों की भूमिका निभाई है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493