शिवराज ने केंद्र से मांगी 1900 करोड़ की अतिरिक्त सहायता

भोपाल, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में अल्प वर्षा से हुए फसल नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली व गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया और फसलों की क्षति के आकलन के लिए अविलंब केंद्रीय दल भेजने तथा प्रभावित किसानों के लिए 1900 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।

चौहान ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्रियों को पत्र लिखकर बताया कि क्षति का आकलन करने तथा प्रभावित कृषकों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह सर्वेक्षण शीघ्र पूरा हो जाएगा। क्षति का वास्तविक आकलन तैयार कर केन्द्र सरकार से अतिरिक्त सहायता राशि की मांग करने लिए विस्तृत मेमोरंडम शीघ्र भेजा जाएगा।

चौहान ने अपने पत्र में कहा कि प्रदेश में विगत तीन-चार वर्षो से विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं जैसे अतिवृष्टि, बाढ़ ओला पाला आदि का व्यापक प्रभाव रहा है। आपदाओं से जानमाल की क्षति के साथ-साथ प्रदेश के कृषकों को फ सलों की क्षति का व्यापक सामना करना पड़ा है। मानसून सत्र 2015 में वर्षा का प्रारंभ समय पर हुआ जिससे खरीफ फसलों की अच्छी पैदावार की आशा थी, किन्तु प्रदेश के कुछ भाग में लंबे-लंबे अंतराल से वर्षा होने एवं कुछ भाग में अल्प वर्षा से अधिकांश जिलों में सूखा की स्थिति निर्मित हो गई है।

उन्होंने कहा कि अब तक प्रारंभिक आकलन के अनुसार अल्प वर्षा के आधार पर 369 तहसीलों में से 114 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित की जा चुकी हैं। इस आंकड़े में वृद्घि होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में केन्द्रीय मंत्रियों को लिखा कि प्रदेश के कुछ भाग में एक छोटी अवधि के दौरान सामान्य से अधिक वर्षा होने के कारण भी फसलें प्रभावित हुई हैं। प्रदेश में अनियमित वर्षा होने से खरीफ फसलों में कीट-इल्ली, पीला मोजैक रोग आदि का व्यापक रूप से असर पड़ा है।

उन्होंने बताया कि सूखे की स्थिति एवं कीट-इल्ली, पीला मोजैक रोग आदि के प्रारंभिक आकलन अनुसार प्रदेश के लगभग 23000 गांवों के 27़93 लाख किसानों के लगभग 2600 लाख हेक्टेयर रकबे में खरीफ फसलों की व्यापक क्षति हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493