विद्रोहियों ने सऊदी लड़ाकू विमान को मार गिराया

सना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। यमन में विद्रोहियों ने देश के उत्तरी प्रांत सदा में सऊदी अरब के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है।

सरकारी समाचार एजेंसी सबा की रपट में कहा गया है कि विमान को गुरुवार को घामर जिले में मार गिराया गया।

सऊदी विमान के चालक दल के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है, लेकिन यमनी बलों ने इलाके में चालक दल के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

सऊदी सेना ने इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा है। यमनी विद्रोहियों ने बीते कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में सऊदी अरब के कई विमानों और ड्रोनों को मार गिराया है।

हौती विद्रोहियों से संबद्ध टेलीविजन स्टेशन अल-मसीराह ने बताया है कि “सऊदी अरब के युद्ध अपराधों के जवाब में” गुरुवार को हौती विद्रोहियों ने यमन की दक्षिणी सीमा से लगे सऊदी अरब के एक हवाई ठिकाने पर प्रक्षेपास्त्र से हमला किया है।

अल-मसीराह ने यमन के हौती बलों के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि स्कड प्रक्षेपास्त्र किंग खालेद हवाईअड्डे पर गिरा है। उसने कहा कि दक्षिण सऊदी अरब के इस सबसे बड़े हवाई ठिकाने को हमले में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।

हवाईअड्डा सऊदी अरब के खमीस मुशैत शहर के पास स्थित है।

सऊदी अरब ने इसी साल 26 मार्च से यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान छेड़ रखा है। उसकी कोशिश इलाके में शिया देश ईरान के बढ़ते प्रभाव को रोकना और विद्रोहियों द्वारा अपदस्थ की गई यमनी सरकार को फिर से बहाल करना है। हौती विद्रोहियों को ईरान का समर्थन हासिल है।

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, यमन में हवाई और जमीनी जंग में अब तक कम से कम 5,400 लोग मारे जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493