हिमाचल : पशु तस्कर के हत्यारों की तलाश जारी

शिमला, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शनिवार को उन ग्रामीणों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया, जिन्होंने दो दिन पहले सिरमौर जिले में कथित तौर पर एक पशु तस्कर की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के निवासी नोमान अख्तर की बुधवार को जिला मुख्यालय नाहन से 28 किलोमीटर दूर एक गांव में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों का मानना था कि अख्तर कथित तौर पर चार अन्य लोगों के साथ मिलकर पशुओं की तस्करी में लिप्त था।

इस घटना में घायल हुए अख्तर के साथियों को जिले के सरहान में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक सौम्या संबाशिवन ने आईएएनएस को बताया, “आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।”

उन्होंने कहा कि हत्या का एक मामला दर्ज कर लिया गया है। “हम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। संभवत: ये वही लोग हैं, जिन्होंने पशु तस्करी के बारे में पुलिस को सतर्क किया था। उन्होंने ही नोमान की हत्या की है।”

पुलिस ने नोमान के साथियों गुलजार, गुलफाम, मोहम्मद निशू और सलमान के खिलाफ पशु क्रूरता निवारक अधिनियम और गोहत्या निवारक कानून के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारी ने इस घटना में किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा, “हम हमलावरों की राजनीतिक संबद्धता पर टिप्पणी नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा की नोमान पशु चोरी के एक अन्य मामले में आरोपी था। उसकी चिकित्सा रपट में उसके शरीर पर ढेर सारे चोट की पुष्टि हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड से लगा सिरमौर जिला पंजाब और उत्तर प्रदेश से पशुओं की तस्करी के एक पारगमन मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493