चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आगामी ब्रिटेन यात्रा के बारे में ब्लेयर ने सिन्हुआ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “उम्मीद है कि शी की यात्रा से राजनीतिक, आर्थिक और आम आदमी के स्तर पर ब्रिटेन और चीन का संबंध और मजबूत होगा।”
उन्होंने कहा, “मेरे खयाल से गत 10 साल में जो भी हुआ है, उसके दम पर अगले 10 साल की तैयारी चल रही है और यह दिख रहा है कि चीन तथा ब्रिटेन के संबंध दोनों देशों के लिए जरूरी हैं।”
ब्रिटिश लेबर पार्टी के नेता 1997 से 2007 तक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने 1999 और 2005 में तत्कालीन चीनी राष्ट्रपति क्रमश: जियांग जेमिन और हू जिंताओ का ब्रिटेन में स्वागत किया था। उन्हीं के कार्यकाल में वर्ष 2004 में दोनों देशों ने अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित की थी।
उन्होंने कहा, “मैंने चीन के साथ साझेदारी को मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू की थी। वर्तमान प्रधानमंत्री डेविड कैमरन इसे और मजबूत कर रहे हैं। इस तरह ब्रिटेन में एक तरह से राजनीतिक सहमति है कि चीन का संबंध ब्रिटेन के लिए महत्वपूर्ण है।”
dharmpath.com dharmpath