मुरैना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में खुले बोरवेल में गिरे एक बच्चे को 40 घंटे के सतत बचाव अभियान के बावजूद नहीं बचाया जा सका। बच्चे को सोमवार रात बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मुरैना के पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि बागचीनी थानाक्षेत्र के नंद गंगोली गांव निवासी देवेंद्र शर्मा का बेटा राघव (3) रविवार सुबह अपनी दादी के साथ खेत में गया था। खेत में खेलते समय वह बोरवेल में गिर गया था। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सेना की मदद से बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, राघव ने उसी समय दम तोड़ दिया था। इससे पहले स्थानीय प्रशासन ने सेना की मदद से बचाव अभियान चलाया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बोरवेल 100 फुट से ज्यादा गहरा बताया जा रहा है और बच्चा लगभग 60 फुट की गहराई में फंसा हुआ था।
dharmpath.com dharmpath