चेन्नई एकदिवसीय : कोहली ने भारत को सीरीज में दिलाई वापसी (राउंडअप)

चेन्नई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने विराट कोहली (138) की दमदार बल्लेबाजी के बाद स्पिन तिकड़ी हरभजन सिंह, अक्षर पटेल और अमित मिश्रा के बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर गुरुवार को एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में हुए चौथे एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 35 रनों से मात दे दी।

इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की श्रृंखला में 2-2 से बराबरी कर ली।

भारत से मिले 300 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम नौ विकेट पर 264 रन ही बना सकी।

करियर का 23वां शतक लगाकर सौरभ गांगुली को पीछे छोड़ने वाले कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शतकों के मामले में कोहली अब भारत में सिर्फ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (49) से पीछे रह गए हैं।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत ही लड़खड़ा गई और 100 रन के भीतर उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।

मोहित शर्मा ने छठे ओवर की पहली गेंद पर दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला (7) को सस्ते में पवेलियन की राह दिखा दी। नौ ओवरों में तेजी से 62 रन बना चुकी दक्षिण अफ्रीकी टीम 10वें ओवर में स्पिन आक्रमण के शुरू होते ही बैकफुट पर नजर आने लगी।

कप्तान धौनी ने दोनों छोर से हरभजन सिंह और अक्षर पटेल को लगा दिया, जिसका भारत को जबरदस्त फायदा मिला। अगले नौ ओवरों में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने मात्र 16 रन जोड़ने में तीन और विकेट गंवा दिए।

इस बीच श्रृंखला में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे क्विंटन डी कॉक (43) अपनी पुरानी लय में खेलते रहे, हालांकि स्पिन आक्रमण का पहला शिकार भी वही हुए। हरभजन की बेहतरीन फिरकी पर वह बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लगा बैठे और दूसरे स्लिप में खड़े रहाणे ने उन्हें लपक लिया।

डी कॉक ने इस बीच 35 गेंदों की अपनी तेज-तर्रार पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद दुनिया के कुछ बेहद खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार दक्षिण अफ्रीका के कप्तान अब्राहम डिविलियर्स (112) एकतरफा संघर्ष करते रहे और जब तक वह क्रीज पर रहे, भारतीय प्रशंसकों को डर सताता रहा।

भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 45वें ओवर की तीसरी गेंद पर डिविलियर्स को विकेट के पीछे धौनी के हाथों कैच आउट करवाया और भारत के सबसे बड़े खतरे को समाप्त किया।

डिविलियर्स ने 107 गेंदों की अपनी बेहतरीन पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए। डिविलियर्स सहित दक्षिण अफ्रीका के लगभग सभी बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी के आगे संघर्ष करते नजर आए।

भारत के लिए भुवनेश्वर ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, हालांकि वह सबसे खर्चीले भी रहे। हरभजन ने दो और मोहित शर्मा, अक्षर पटेल तथा अमित मिश्रा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

इससे पहले भारत ने रोहित शर्मा (21) और शिखर धवन (7) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवाने के बाद कोहली और अजिंक्य रहाणे (45) तथा कोहली और सुरेश रैना (53) के बीच हुई दो बेहतरीन शतकीय साझेदारियों के बल पर निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 299 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (21) और शिखर धवन (7) खास योगदान दिए बगैर 35 के कुल योग तक पवेलियन लौट चुके थे।

रोहित 19 गेंदों में चार चौके लगाकर अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर उनके तेज शॉट को मिडविकेट पर खड़े फॉफ डू प्लेसिस ने बेहतरीन कैच लिया। रोहित का विकेट क्रिस मौरिस ने लिया।

धवन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। कैगिसो रबाडा की शॉर्ट गेंद पुल करने के प्रयास में धवन लेग स्लिप में कैच उछाल बैठे, जिसे विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने शानदार अंदाज में लपका।

इसके बाद हालांकि कोहली और रहाणे ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की उससे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की सारी कोशिशें नाकाम नजर आने लगीं। लगातार छोर बदलते हुए दोनों बल्लेबाजों ने विकेट को व्यस्त रखा और बीच-बीच में हर कमजोर गेंद पर बाउंड्री लगाते रहे।

कोहली और रहाणे के बीच 5.67 के औसत से शतकीय साझेदारी हुई। अपना दूसरा स्पेल लेकर आए डेल स्टेन ने पहली ही गेंद पर रहाणे को विकेट के पीछे डी कॉक के हाथों कैच करा इस साझेदारी को तोड़ा।

लंबे इंतजार के बाद इस मैच में सुरेश रैना का भी बल्ला बोला। रैना ने कोहली के साथ 6.8 के औसत से तेजी से रन जुटाए।

कोहली ने इस बीच 112 गेंद पर छक्के की मदद से करियर का 23वां शतक पूरा किया। 52 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा कर चुके रैना की कोहली के साथ साझेदारी अब खतरनाक हो चली थी कि स्टेन ने 266 के कुल योग पर रैना की गिल्लियां बिखेर दीं।

भारत के पास अभी भी कोहली और कप्तान धौनी सहित छह विकेट बचे थे और आखिरी की 31 गेंदों पर क्रिकेट प्रशंसकों को अधिक से अधिक रनों की आस थी। लेकिन स्लॉग ओवरों में बड़े शॉट न खेल सकने की श्रृंखला में नई-नई उपजी भारतीय टीम की कमजोरी इस मैच में भी नजर आई।

45वें ओवर तक 266 रन बना चुकी भारतीय टीम आखिरी के 31 गेंदों में सिर्फ 33 रन बना सकी और चार विकेट भी गंवाए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए स्टेन और रबाडा ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

मुंबई में 25 अक्टूबर को होने वाले श्रृंखला के पांचवें और आखिरी मैच से अब सीरीज का निर्णय होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493