जबलपुर में देवी जुलूस में ट्रक घुसा, 5 की मौत

भोपाल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में दशाहरे के मौके पर निकल रहे जुलूस में शामिल लोगों के बीच एक बेकाबू ट्रक घुस गया और उसने कई लेागों को रौंद दिया। इस हादसे में पांच की मौत हो गई, वहीं 17 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर है। इस हादसे से गुस्साई भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर गोसलपुर कस्बे में दशहरे के मौके पर गुरुवार की शाम को देवी जुलूस निकल रहा था, तभी एक ट्रक अनियंत्रित होकर जुलूस में शामिल लोगों के बीच जा घुसा और उसने कई लोगों को रौंद दिया। भीड़ ने किसी तरह ट्रक चालक को पकड़ा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

जिलाधिकारी एन.एस. रुपला ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि इस हादसे में पांच की मौत हुई है, वहीं 17 घायल हैं। भीड़ पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।

जबलपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने आईएएनएस से जुलूस में शामिल लोगों को ट्रक द्वारा रौंदे जाने की घटना की तो पुष्टि की है, मगर कितने लोगों की मौत हुई है, इसका ब्योरा वे नहीं दे सके।

सूत्रों ने बताया है कि हादसे के बाद भीड़ उग्र हो गई और उसने पुलिस के वाहन सहित अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493