डॉ. शेखर बासु बने परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाभा एटोमिक रिसर्च सेंटर (बीएआरसी) के निदेशक डॉ. शेखर बासु ने शुक्रवार को मुंबई स्थित कार्यालय के मुख्यालय में परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव के तौर पर पदभार संभाल लिया। वह डॉ. रतन कुमार सिन्हा का स्थान लेंगे।

परमाणु ऊर्जा विभाग में करीब 42 वर्षो की उत्कृष्ट सेवा के बाद शुक्रवार को डॉ. रतन कुमार सिन्हा सेवानिवृत्त हो गए।

अपना कार्यभार डॉ. बासु को सौंपते हुए डॉ. सिन्हा ने कहा कि पिछले 42 वर्षो से इस विभाग का एक अंग के तौर पर कार्य करने में उन्हें बेहद संतोष का अनुभव हुआ है और वे इस अवधि में दूरगामी प्रभावों के बहुत से ऐतिहासिक विकासों के साक्षी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज भले ही वे अपने कार्यालय से सेवानिृत्त हो रहे हों पर उन्हें पूर्ण विश्वास है कि परमाणु ऊर्जा विभाग देश की बढ़ती हुई आवश्यकताओं को गतिशीलता के साथ पूरा करने की दिशा में अपने संकल्पों को पूर्ण करता रहेगा। उन्होंने डॉ. शेखर बासु को एईसी का अध्यक्ष और डीएई के सचिव का सफलतापूर्वक कार्यभार संभालने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

डॉ. बासु ने डॉ. रतन कुमार सिन्हा को धन्यवाद देते हुए विश्वास दिलाया कि वह देश की सेवा के समाजिक लक्ष्यों को पूरा करने और विज्ञान को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में अपने सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का पूर्ण प्रयास करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि परमाणु ऊर्जा के लाभ बहुआयामी है और ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, खाद्य और जल सुरक्षा के क्षेत्र में भी इसका योगदान अहम है। डॉ. बासु ने कहा कि यूरेनियम के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के साथ-साथ वर्तमान में जारी परियोजनाओं को पूरा करने को वह सबसे अधिक प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने कहा कि हम सबके समन्वित प्रयास देश को समग्र विकास और हर क्षेत्र में मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493