पाकिस्तान में भूकंप से 13 मरे, सेना राहत कार्य में जुटी

इस्लामाबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सोमवार को आए तेज भूकंप में 13 लोगों की मौत हो गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान की सेना को सतर्क कर दिया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, सरगोड़ा, कोहट और मुलतान जैसे बड़े शहरों सहित देश के अधिकांश उत्तरी हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

समाचार-पत्र ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान सीमा के करीब बाजौर कबायली क्षेत्र में इमारतें जमींदोज हो गईं, जिसमें दबकर चार लोगों के मारे जाने की सूचना है।

‘डॉन’ की रिपोर्ट में कहा गया कि पंजाब प्रांत के चकवाल जिले के कल्लर कहार इलाके में एक बच्चे, सरगोड़ा में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं, कसूर जिले में एक घर की छत गिरने से एक और स्वात घाटी में छह लोगों की मौत हो गई।

समाचार-पत्र के अनुसार, करीब 200 घायलों को स्वात के सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल, जबकि 100 से ज्यादा लोगों को पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

‘दुनिया न्यूज टीवी’ की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप में पेशावर के बाला हिसार किले का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।

एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि खबर-पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री परवेज खटक ने सभी अस्पतालों में एक आपात स्थिति घोषित कर दी है।

सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल असीम बाजवा ने कहा है कि सैनिकों को औपचारिक आदेश मिलने का इंतजार किए बिना तुरंत प्रभाव से राहत कार्य में जुट जाने का आदेश है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493